सपनों की भाषा – सपनों में वस्त्रहीन दिखने का अर्थ

सपनों की दुनिया में लौटते हुए एक बार फिर यह याद कर लेना चाहिए कि कुछ अपवादों को छोड़कर सपनों की भाषा प्रतीकों से भरी होती है। सपने चाहे राह दिखाने वाले हों, या फिर चेतावनी देने वाले, सुखद समाचारों वाले या भविष्यवाणियों वाले, वे दृष्टांतों, उपमाओं और रूपकों से भरी अद्भुत कथाओं के रूप में बुने हुए दिखते हैं।

कई लोगों को ऐसे सपने दिखाए देते हैं जिसमें वे खुद को या दूसरे लोगों को आशिक या पूर्ण रूप से निर्वस्त्र पाते हैं। ऐसे सपनों के विश्लेषण में आम गलती यह होती है कि आंशिक या पूर्ण रूप से निर्वस्त्र होने का एक ही अर्थ लिया जाता है। और फिर इसी एकमेव अर्थ को सभी सपनों पर थोप दिया जाता है।

दूसरी ओर इस मामले में संदर्भ, स्वप्नदृष्टा के लिए प्रतीक का अर्थ, सपने के दौरान और उसके तुरंत बाद जागने के हाव-भाव, सांस्कृतिक संदर्भ आदि बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। इन सभी पहलुओं को देख लेने के बाद ही प्रतीकों को समझा जा सकता है। उदाहरण के लिए, कई जनजातियों के लोगों में निर्वस्त्र रहने का रिवाज है। इसके विपरीत अगर यही सपना एक ऐसी संस्कृति का व्यक्ति देखे, जिसमें चेहरे और हाथों तक को खुला छोड़ना वर्जित है तो दोनों के लिए प्रतीकों का अर्थ अलग- अलग होगा।

विभिन्न पाठकों के ऐसे सपनों के कुछ उदाहरण इस प्रकार हैं:

एक पाठक ने सपना देखा कि वह अपने शयनकक्ष में निर्वस्त्र है। अचानक, कुछ अज्ञात लोग कमरे में घुसते हैं। वे उसकी ओर नहीं देखते मगर उसकी मौजूदगी का अहसास उन्हें है। वह अंदर एक और कमरे में जाने की कोशिश करता है। जब वह जागता है तो कपड़े पहनने का प्रयास कर रहा होता है और इस स्थिति से उसे आत्मग्लानि होती है।

स्वप्नदृष्टा के साथ बातचीत के दौरान पता चला कि वह व्यापार करता है और कुछ व्यावसायिक लेनदेन पूरे करने के लिए कुछ नए सहयोगियों पर निर्भर था। इस प्रक्रिया में वे स्वप्नदृष्टा के बारे में कुछ निहायत निजी सूचनाएं प्राप्त कर सकते थे। यह सपना स्वप्नदृष्टा को सजग करता है कि वह उन्हें अपने बारे में, अपने व्यापार और पारिवारिक सदस्यों के बारे में निजी सूचनाएं न दे।

सपने में लोगों का उसके घर में घुसकर उसे निर्वस्त्र पाने का अर्थ यह है कि उसकी निजी सूचनाएं अंततः ऐसे लोगों के हाथ लग सकती हैं, जिन्हें ये मिलनी नहीं चाहिएं। शयनकक्ष उसकी निजी जिंदगी और निहायत आंतरिक वित्तीय सूचनाओं का प्रतीक है। ऐसी सूचना जो सिर्फ शयनकक्ष तक यानी उसकी पत्नी और खुद उसके पास सीमित रहनी चाहिए।

शयनकक्ष में अज्ञात लोगों के घुसने का तात्पर्य यह है कि जिन लोगों को उसके अंतरंग जीवन के बारे में पता नहीं होना चाहिए, उन्हें निजी मामलों का पता लग सकता है। वे ऐसी सूचनाओं का इस्तेमाल उसे नीचा दिखाने या नुक्सान पहुंचाने में कर सकते हैं। यह चेतावनी देने वाला सपना है जो बताता है कि वह लोगों को अपनी व्यक्तिगत सूचनाएं न दे, भले ही उसे उन पर कितना ही विश्वास क्यों न हो।

एक मित्र ने सपना देखा कि वह अपने शयनकक्ष में निर्वस्त्र हो रहा है, लेकिन अगले ही पल वह खुद को बाजार में खड़ा पाता है। लोग उसे देखकर मुस्कराते हैं, उसे खुद पर बहुत शर्म आती है। वह घबराकर जाग जाता है।

यह सपना भी चेतावनी देता है कि वह अपने व्यक्तिगत जीवन के प्रति गोपनीयता बरते। सरे बाजार निर्वस्त्र होने का अर्थ यह है कि उसके व्यक्तिगत जीवन के प्रति – अफवाहें और सड़कछाप बातें सार्वजनिक रूप से फैलने का खतरा है। उसे अपने गुप्त मामले कुछ दोस्तों को बताने की आदत थी। सपना उसे सजग करता है कि उसके साथी ऐसी बातों को छिपी हुई नहीं रहने देंगे। उसने जो गुप्त बातें बताई हैं वे जमाने को पता लग जाएंगी और वह बेजा अफवाहों का विषय बन जाएगा।

एक पाठिका ने सपना देखा कि वह वाशरूम में निर्वस्त्र होकर नहाने जा रही है। अचानक, एक छोटी सी ततैया या बर्र उसे डंक मार देता है। वह उसे मारने की कोशिश करती है, मगर वह मरता नहीं। वह उसे जोर से दबाती है मगर वह दोबारा उड़ कर उसे डंक मारता रहता है। वह भयभीत होकर जाग जाती है।

इस सपने की व्याख्या बहुत सरल है। स्वप्नदृष्टा के बाथरूम में कुछ ऐसा है जिसके प्रति उसे एलर्जी है। निर्वस्त्र होकर नहाने की तैयारी करना बताता है कि इसका नहाने से कोई वास्ता है नहीं। बर्र के काटने पर आम तौर पर सूजन होती है और दवाई लगानी पड़ती है।

उसका बार-बार काटना बताता है कि बाथरूम में कुछ ऐसा हैं जो उसके शरीर में बर्र के डंक जैसी प्रतिक्रिया का कारण बनता है। शायद कुछ एलर्जी वाली लाली उभरना। स्वप्नदृष्टा ने मुझे बताया कि कुछ समय से उसे ऐसी एलर्जी हो रही थी और नहाने के तुरंत बाद उसे इसका पता चलता था।

कुछ और बातचीत से पता चला कि उसने कुछ समय पहले ही एक नया बॉडी वाश खरीदा था। स्वप्न विश्लेषण के बाद उसने इसका इस्तेमाल बंद कर दिया। इसके बाद एलर्जी भी जाती रही।

तो आप भी अपने सपनों के बारे में हमें लिखकर उनके प्रतीकों को समझने की कोशिश कीजिए।

आपका अवचेतन सदा आपको राह दिखाए।

योग या भक्ति में असफल व्यक्ति का वास्तव में क्या होता है?

Leave a Comment